तेजिंदर बग्गा को हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंपा, पंजाब पुलिस रह गई खाली हाथ
in24news/संवाददाता
बीजेपी प्रवक्ता तेजिंदर बग्गा को आखिरकार कुरुक्षेत्र से दिल्ली लाया जाएगा. हरियाणा पुलिस ने बग्गा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है और पंजाब पुलिस खाली हाथ रह गई है. बीजेपी प्रवक्ता तेजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने आज सुबह गिरफ्तार किया था और उनको लेकर मोहाली के लिए निकली थी. लेकिन दिल्ली पुलिस के कहने पर हरियाणा ने कुरुक्षेत्र में पंजाब पुलिस के काफिले को रोक लिया था. पंजाब पुलिस पर दिल्ली में अपहरण की एफआईआर भी दर्ज हो गई है. वहीं मोहाली पुलिस ने तेजिंदर के खिलाफ साइबर सेल में मामला दर्ज किया था, इसी मामले में आज उनकी गिरफ्तारी हुई थी. पूरे घटनाक्रम के बीच बग्गा की मां कमलजीत कौर इस वक्त बिहार के मुजफ्फरपुर में हैं. उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक बदला है. क्योंकि बग्गा ने आरटीआई से कई जानकारियां जुटाई थीं. जैसे मोहल्ला क्लिनिक कितने साफ सुधरे हैं, कितने स्कूल-पुल-हॉस्पिटल बनाए गए हैं. बता दें कि इस पूरे मामले की शुरुआत आज सुबह हुई जब बीजेपी प्रवक्ता के घर पर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पंजाब पुलिस बग्गा को लेकर रवाना हुई लेकिन उनके पिता ने दिल्ली पुलिस से बग्गा के अपहरण की शिकायत दर्ज करा दी. पिता की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के जवानों के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 365, 342, 392, 295 के तहत मामला दर्ज लिया और हरियाणा पुलिस को एक संदेश भेजा कि बोलेरो गाडी से कुछ लोग बग्गा को लेकर जबरन लेकर जा रहे हैं. जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस को कुरुक्षेत्र में रोक लिया। जिसके बाद पंजाब दिल्ली और हरियाणा पुलिस आमने सामने आ गई. हरियाणा पुलिस के रोके जाने का पंजाब पुलिस ने विरोध किया और कहा कि बग्गा को एक मामले में गिरफ्तार कर ले जा रहा है. पंजाब पुलिस ने हरियाणा पुलिस की कार्रवाई को गैर क़ानूनी बताया। पंजाब पुलिस के मुताबिक, तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ 153-ए (धर्म, जाति, स्थान आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 505 ((बयान, अफवाह या रिपोर्ट प्रकाशित या प्रसारित करना) और 506 (आपराधिक धमकी) जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था.