दक्षिण भारत में चक्रवात मिचौंग का खतरा बढ़ने से 144 ट्रेनें रद्द
संवाददाता/in24 न्यूज़.
चक्रवात मिचौंग बंगाल की खाड़ी के ऊपर और खतरनाक हो गया है। इसके मंगलवार पूर्वाह्न में सौ किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने आंध्र, तमिलनाडु, केरल और ओडिशा के लिए चेतावनी जारी की है। समुद्र तटों से होकर गुजरने वाली 144 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से बात की है और केंद्र की तरह से हर मदद देने का भरोसा दिया है। मिचौंग के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के बड़े इलाके में भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। चक्रवात ‘मिचौंग’ के तट के करीब पहुंचने के कारण चेन्नई के कई हिस्सों में भारी वर्षा हुई। वहीं, IMD के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में चेन्नई नुंगमबक्कम में 5.88 सेमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि चेन्नई मीनंबक्कम में 7.12 सेमी बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी से सटे दक्षिण-पूर्व में एक कम दबाव का क्षेत्र केंद्रित होने के बाद शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में आज बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नए साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण सोमवार को लखनऊ और बुंदेलखंड के 20 जिलों समेत सात दिसंबर तक पूर्वी और दक्षिणी यूपी के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में मौसम शुष्क रहेगा। विभाग ने दस दिसंबर तक घाटी में मौसम के मिजाज शुष्क बने रहने और तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है। पंजाब में बारिश के बाद बढ़ी ठंड पंजाब में बारिश के बाद सर्दी और बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय कोहरा छाया रहा। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में भी शीतलहर शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह के समय धुंध छाई रहेगी। साथ ही दिन में मौसम साफ रहने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। वहीं, हरियाणा में आज सुबह में धुंध छाई रहेगी। साथ ही दोपहर बाद आसमान में धूप खिलेगी। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी तेज हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम के साफ रहने का अनुमान है। वहीं एक दो स्थानों पर बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। शिमला में तापमान अधिकतम 17 और न्यूनतम तापमान 07 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बता दें कि इस खतरे से संभलकर रहना आवश्यक बताया जा रहा है।