Breaking News

देश में बदलते मौसम से बढ़ेगी भीषण गर्मी

06 Apr, 2023 365
ब्यूरो रिपोर्ट/in24न्यूज़/दिल्ली
 
   भारत की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली. हालांकि बारिश का सिलसिला पूरी तरह से बंद है, और मौसम भी शुष्क हो चुका है. जानकारी के अनुसार मौसम विभाग का मानना है कि राजधानी में लगभग एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है. लेकिन अप्रैल के शुरुआती दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर जाने की उम्मीद नहीं है. इसकी वजह से गर्मी से राहत रहेगी और मौसम खुशनुमा बना रहेगा. राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मौसम विभाग के अनुसार, दिन में आसमान के मुख्यतौर पर साफ रहने की संभावना है. वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 126 यानी मध्यम श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया. साथ ही छह अप्रैल से आठ अप्रैल तक राजधानी का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में ही रहने का अनुमान है. बता दे कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 के बीच एक्यूआई को संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बेहद खराब तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर माना जाता है. राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है. वहीं मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिन तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार आज यानी छह अप्रैल से लेकर आठ अप्रैल के दौरान बीकानेर और जोधपुर के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की ही संभावना है. इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर में भी दो-तीन दिन तक मौसम शुष्क रहेगा. वहीं आठ से नौ अप्रैल के बीच कोटा, उदयपुर, अजमेर और जयपुर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. कुल मिलाकर बदलते मौसम के मिजाज के चलते अभी आम जनमानस को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

अन्य खबरे