निशान साहिब की बेअदबी करनेवाले युवक की पीट-पीटकर हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पंजाब के अमृतसर में कथित बेअदबी के प्रयास में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के कुछ घंटों बाद ही अब कपूरथला जिले में ऐसा ही मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक निजामपुर गांव के निवासियों ने रविवार तड़के एक गुरुद्वारे के पास एक शख्स को इस आरोप में पकड़ा कि वह तड़के चार बजे गुरुद्वारे में निशान साहिब का अपमान कर रहा था। जानकारी के मुताबिक गुरुद्वारा के कार्यवाहक अमरजीत सिंह ने एक वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। ऐसी जानकारी मिली है कि कपूरथला जिले के निजामपुर गांव के गुरुद्वारे में एक शख्स ने निशान साहिब की बेअदबी की। ग्रामीणों ने बेअदबी करने वाले को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। ग्रामीणों ने कहा कि उनके बगल में पुलिस चौकी है, लेकिन वे इसे पुलिस को नहीं सौंपेंगे। इसे अपनी कस्टडी में रखेंगे। उन्होंने सिख संगठनों को बुलाया है। वही इसका फैसला करेंगे। अभी पकड़े गए युवक की जानकारी नहीं मिल पा रही है। गांव वालों ने कहा कि कपूरथला रोड पर निजामपुर मोड़ गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की कोशिश हुई है। सुबह करीब चार बजे गांव के लोग नितनेम करने के लिए उठे। उस वक्त यह व्यक्ति निशान साहिब की बेअदबी कर रहा था। जब वे पहुंचे तो आरोपी ने भागने की कोशिश की, उसे दो घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ लिया गया। गुरुद्वारा प्रबंधकों के मुताबिक, जब यह युवक गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुआ तो अचानक लाइट चली गई, जिसके बाद आरोपी वहीं छिप गया। लाइट आई तो गुरुद्वारा प्रबंधकों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने पकड़ने की कोशिश की तो वह भाग निकला। हालांकि उसे बाद में पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि यह युवक दिल्ली से आया है। पूछताछ में युवक ने ही उन्हें बताया कि उसे पैसे देकर बेअदबी करने के लिए भेजा गया है। इसके अलावा वह अपने बारे में कुछ और नहीं बता रहा है। वह अपना नाम भी नहीं बता रहा है। उसके गले में कुछ आईडी कार्ड जरूर मिले हैं। जरूर यह कोई साजिश रची गई है। ग्रामीणों ने बार-बार युवक को सिख परंपरा के मुताबिक सजा देने की बात कही। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा अमरजीत सिंह ने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को इस बारे में अमृतसर में सूचित कर दिया गया है। जल्द ही उनकी टीम गांव में पहुंच रही है। बता दें कि इस घटना के बाद तनाव बना हुआ है।