नीरव मोदी की उलटी गिनती शुरू
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अपने देश को धोखाधड़ी के जरिए चूना लगानेवाले नीरव मोदी की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. बता दें कि पंजाब नेशनल बैंक में 14 हजार करोड़ रुपये के घोटाले में देश से भगोड़ा घोषित नीरव मोदी जल्द ही भारत लाया जा सकेगा. लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत ने हीरा कारोबारी नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण पर गुरुवार को फैसला सुनाया. अदालत ने अपने फैसले में कहा कि नीरव मोदी के खिलाफ भारत में एक मामले का जवाब देना है. अदालत ने कहा कि नीरव मोदी ने सबूत नष्ट करने तथा गवाहों को डराने की साजिश रची. नीरव मोदी को मुंबई स्थित ऑर्थर रोड जेल में उचित चिकित्सकीय इलाज तथा मानसिक स्वास्थ्य देखभाल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. बता दें कि नीरव मोदी ने अपने खिलाफ आए प्रत्यर्पण आदेश को लंदन के अदालत में चुनौती दी थी. दो साल से इसे लेकर कानूनी लड़ाई चल रही थी. जिला जज सैम्यूल गूजी ने अपने फैसले में कहा कि नीरव मोदी के खिलाफ कानूनी मामला है और इस मामले में उसे भारतीय अदालत में पेश होना चाहिए. गौरतलब है कि नीरव मोदी को दो साल पहले 13 मार्च 2019 के दिन ब्रिटेन की स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने लंदन से गिरफ्तार किया था. इसके बाद से ही वह साउथ वेस्ट लंदन की वैंड्सवर्थ जेल में बंद है. आज का फैसला सुनने के लिए नीरव मोदी को जेल से वीडियो लिंक के जरिए पेश किया गया. अदालत के फैसले को अब ब्रिटेन की गृह सचिव प्रीति पटेल के पास भेजा जाएगा. इसके आगे वह तय करेंगी कि इस मामले में हाईकोर्ट में अपील की अनुमति दी जानी चाहिए अथवा नहीं. कोर्ट ने नीरव मोदी की मानसिक स्वास्थ्य की चिंता को भी खारिज कर दिया. कोर्ट ने कहा कि ऐसी स्थिति में फंसे किसी व्यक्ति के लिए यह असामान्य नहीं. बता दें कि नीरव मोदी के प्रत्यर्पण से बाकी और प्रत्यर्पण मामले में भी तेजी आ सकेगी.