Breaking News

पं जसराज के निधन से फैला शोक, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

18 Aug, 2020 668

संवाददाता/in24 न्यूज़.  

शास्त्रीय संगीत के मार्तंड जानकार और बेहद मशहूर शास्‍त्रीय गायक पंडित जसराज का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनके निधन पर देश के राष्ट्रपति रामनाम कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. पंडित जसराज का दिल का दौरा पड़ने के कारण सोमवार सुबह अमेरिका में निधन हुआ. पंडित जसराज कोरोना महामारी के कारण दुनियाभर में लॉकडाउन के बाद से अमेरिका के न्यूजर्सी में ही थे. पंडित जसराज की बेटी दुर्गा जसराज ने उनके निधन की जानकारी दी. उनके परिवार ने बताया कि बहुत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि संगीत मार्तंड पंडित जसराज जी का अमेरिका के न्यूजर्सी में अपने आवास पर आज सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. परिवार ने कहा कि वह प्रार्थना करते हैं कि भगवान कृष्ण स्वर्ग के द्वार पर उनका स्वागत करें. वहां वह अपना पसंदीदा भजन ओम नमो भगवते वासुदेवाय भगवान कृष्ण को समर्पित करें. उनकी आत्मा की शांति के लिये वह प्रार्थना कर रहे हैं. इसके आगे परिवार ने लोगों द्वारा की जा रही प्रार्थनाओं के लिये धन्यवाद किया. पंडित जसराज के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया. पीएम मोदी ने एक ट्वीट किया कि पंडित जसराजजी के दुर्भाग्‍यपूर्ण निधन ने भारतीय संगीत जगत में बड़ा स्‍थान रिक्‍त किया है. उनकी प्रस्‍तुतियां असाधारण थीं. गुरू के रूप में उन्‍होंने अलग पहचान बनाई. उनके परिवार और दुनियाभर में फैले उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त करता हूं. ओम शांति. बता दें कि पं जसराज के निधन से शास्त्रीय संगीत का एक युग समाप्त हो गया. 

अन्य खबरे