Breaking News

पाकिस्तानी ड्रोन ने पंजाब में गिराया विस्फोटक

09 Aug, 2021 861

संवाददाता/in24 न्यूज़।  
15 अगस्त पर स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां देश में जोरों पर है, लेकिन साथ ही पाकिस्तानी आतंकी संगठन इस अवसर पर सुरक्षा में सेंध लगाने की नापाक साजिश भी कर रहे हैं। आज देश की सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की एक बड़ी साजिश का खुलासा किया है। पंजाब में अमृतसर के पास भारत पाकिस्तान सीमा पर एक बार फिर पाक की ड्रोन साजिश का खुलासा किया है। पाकिस्तान ने इस इलाके में ड्रोन के जरिए टिफिन बम, आईईडी और हैंड ग्रेनेड आदि गिराए हैं। पुलिस ने पाकिस्तान सीमा से सटे अमृतसर के गांव डालेके के पास यह टिफिन बम बरामद किया है। इससे हड़कंप मच गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियांं सतर्क हो गई हैं। पंजाब पुलिस की ओर से आतंकी हमले की आशंका के कारण लोगों को सतर्क रहने काे अलर्ट किया गया है। बीएसएफ और पंजाब पुलिस के जवान पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक आतंकियों की स्वतंत्रता दिवस पर पंजाब में बड़े बम धमाके की तैयारी थी। पंजाब के डीजीपी  दिनकर गुप्ता ने जानकारी दी है कि पुलिस को सर्चिंग के दौरान एक टिफिन से 5 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। यहां स्थानीय लोगों को आसमान से कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी थी, इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया था तो टिफिन बम बरामद हुआ। डीजीपी ने बताया कि पाकिस्तान पार से ये टिफिन बम ड्रोन के जरिए गिराया गए हैं। टिफिन बम गिराने के बाद ड्रोन वापस पाक सीमा में लौट गए हैं। डीजीपी ने बताया कि भारत पाक सीमा पर 7 और 8 अगस्त को ड्रोन देखे गए थे।बता दें, सीमा पर पिछले कुछ समय से ड्रोन से गतिविधियांं बढ़ी हैं। पहले भी सीमा पर ड्रोन से हथियार फेंके जाते रहे हैं। पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के हर मंसूबों को भारतीय सुरक्षा बलों व पंजाब पुलिस ने नाकाम किया है। पंजाब के डीजीपी ने लोगों से कहा कि वह सतर्क रहें। किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के दिखने पर पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दें। वहीं, पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस पर कोई गड़बड़ी न फैले इसके मद्देनजर पहले ही सुरक्षा चौकस कर दी है।

अन्य खबरे