पीएम मोदी ने कोरोना को बताया बहुरूपिया और धूर्त
संवाददाता/in24 न्यूज़.
वैश्विक जानलेवा महामारी से भारत त्रस्त है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से संक्रमण की जंग में उतरे उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के हर जिलाधिकारी का हौसला बढ़ाया। पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के आलावा देश भर के 54 जिलों के शीर्ष अधिकारियों के साथ संवाद किया। पीएम मोदी ने गुरुवार को देश के अन्य राज्यों के सात ही उत्तर प्रदेश के सात जिलाधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित किया। आज पीएम मोदी के इस संबोधन के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सीएम के सरकारी आवास से जुड़े थे। प्रधानमंत्री ने सभी अधिकारियों का हौसला बढ़ाने के साथ ही कोरोना वायरस के बार-बार रूप बदलने के कारण उसको बहुरूपिया और धूर्त भी बताया। पीएम मोदी ने कहा कि यह हमारे लिए बेहद ही गर्व का क्षण है कि विषम परिस्थितियों के बाद भी आप लोग बेहद सक्रिय तथा मुस्तैद हैं। आप लोग जिलों के प्रमुख योद्धा हैं। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने मौजूद संसाधनों का बेहतर से बेहतर लाभ उठाया। उन्होंंने कहा कि कोरोना संक्रमण की सेकेंड स्ट्रेन बड़ी परीक्षा लेने वाली थी। लगातार रूप बदलने वाला कोरोना वायरस बहुरूपिया और बेहद धूर्त है। इससे निपटने के लिए हमको भी बेहद डायनेमिक तथा इनोवेटिव होना पड़ रहा है। इसी कारण हम इस पर भी अंकुश लगाने में सफल हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आप लोग अभी भी स्थितियों पर लगातार नजर रखें। जिले में बेहतर तालमेल के साथ ही प्रभावी काम करने से अपेक्षित परिणाम भी मिल रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वैसे तो आप सभी का काम बेहद चैलेंजिंग होता है। इसी बीच कोरोना वायरस वायरस ने आपके काम को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया है। अब नई चुनौतियों के बीच हमें नई रणनीतियों और समाधानों की जरूरत है। स्थानीय अनुभवों का उपयोग करना महत्वपूर्ण हो जाता है और हमें एक देश के रूप में मिलकर काम करने की आवश्यकता है। पीएम मोदी ने कहा कि आपके फील्डवर्क, आपके अनुभवों और फीडबैक से हमें प्रभावी नीतियां बनाने में मदद मिलती है। बता दें कि पीएम मोदी कोरोना वायरस के मुद्दे पर समय-समय पर मुख्यमंत्रियों और अधिकारियों से बातचीत करते रहे हैं।