पीएम मोदी ने यूपी में किया 23 ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं का शिलान्यास
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जल ही जीवन है. इसके महत्त्व को समझते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल जीवन मिशन उत्तर प्रदेश के अंतर्गत विंध्य क्षेत्र के जनपद मिर्ज़ापुर और सोनभद्र में 2,995 राजस्व ग्रामों की 42 लाख आबादी को लाभ पहुंचाने वाली 5,555 करोड़ की 23 ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि जीवन की बड़ी समस्या जब हल होने लगती है तो अलग ही विश्वास झलकने लगता है. ये विश्वास, उत्साह आप में मैं देख पा रहा. पानी के प्रति आप में संवेदनशीलता कितनी है, ये भी दिख रहा है. सरकार आपकी समस्याओं को समझकर उनका समाधान कर रही है. आने वाले समय में जब यहां के 3 हज़ार गांवों तक पाइप से पानी पहुंचेगा तो 40 लाख से भी ज़्यादा साथियों का जीवन बदल जाएगा. इससे यूपी के, देश के हर घर तक जल पहुंचाने के संकल्प को भी ताकत मिलेगी. विंध्याचल हो या बुंदेलखंड पूरा क्षेत्र संसाधनों के बाद भी कई सालों तक अभाव का क्षेत्र बना रहा. इतनी नदियां होने के बाद भी इसकी पहचान सबसे अधिक सूखा प्रभावित क्षेत्रों में रही. इस वजह से बहुत से लोग यहां से पलायन कर गए. इन समस्याओं को दूर करने के लिए हमने निरंतर काम किया। पीएम मोदी ने कहा कि हर घर जल पहुंचाने के अभियान को अब डेढ़ साल हो रहे हैं. इस दौरान देश में 2 करोड़ 60 लाख से ज्यादा परिवारों को उनके घरों में नल से शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का इंतजाम किया गया है. इसमें लाखों परिवार उत्तर प्रदेश के भी हैं. उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पाइप से पानी पहुंचने की वजह से हमारी माताओं-बहनों का जीवन आसान हो रहा है. इसका एक बड़ा लाभ गरीब परिवारों के स्वास्थ्य को भी हुआ है. इससे गंदे पानी से होने वाली अनेक बीमारियों में भी कमी आ रही है. बता दें कि पीएम मोदी के इस संकल्प से इस धारणा को मजबूती मिलती है कि जल है तो कल है.