Breaking News

बांग्लादेश को भारत ने दिए दस ब्रॉडगेज इंजन

30 Jul, 2020 673

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
अपने पडोसी देश बांग्लादेश को भारत ने शानदार तोहफा दिया है. विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और रेलमंत्री पीयूष गोयल ने वीडियो कॉंफ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर दस ब्रॉडगेज रेल इंजनों को बांग्लादेश के लिए रवाना किया। बांग्लादेश के रेलमंत्री नूरुल इस्लाम सुजान और वहां के विदेश मंत्री डॉ अबुल कलाम अब्दुल मोमेन ने बांग्लादेश सरकार की ओर से इन लोकोमेटिव रेल इंजनों को प्राप्त किया। भारत सरकार की ओर से अनुदान सहायता के अंतर्गत इन रेल इंजनों को सौंपा जाना अक्तूबर 2019 में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत यात्रा के दौरान की गई एक महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता को पूरा करता है। बांग्लादेश रेलवे की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय पक्ष ने इन रेल इंजनों में जरूरी संशोधन भी किया है। ये इंजन बांग्लादेश में यात्रियों की संख्या बढ़ाने और मालगाड़ी के परिचालन को बेहतर बनाने में सहायता प्रदान करेंगे। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने इस अवसर पर कहा कि बांग्लादेश को दस इंजन सौंपने के साथ ही दोनों देशों के बीच पार्सल और कंटेनर ट्रेनों की शुरुआत कर दी गई है, इससे दोनों ओर ‌के कारोबारियों के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि भारतीय रेलवे ने बांग्लादेश से व्यापार के आवामगन को सुनिश्चित कर दिया है और कोविड-19 महामारी के दौरान विशेष रूप से रमजान महीने में बांग्लादेश को अनिवार्य आपूर्तियां सुनिश्चित की गईं। डॉ एस जयशंकर ने आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित भारत-बांग्लादेश संबंधों की प्रगाढ़ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि कोविड-19 महामारी में द्विपक्षीय सहयोग की गति धीमी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वे ऐतिहासिक मुजीब बारशो में हो रहे इस प्रकार के कई और मील के पत्थर स्थापित करने की दिशा में सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं। रेल और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस अवसर पर कहा कि 10 ब्रॉडगेज रेल इंजन बांग्लादेश रेलवे को सौंपने पर वह बहुत खुश हैं, ये इंजन भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे मालगाड़ी परिचालन को संभालने में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने दोहराया कि बांग्लादेश में इन इंजनों की उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें संशोधित किया गया है। रेलमंत्री ने कहा कि वृद्धि और विकास को प्राप्त करने के अपने-अपने प्रयासों में हम बहुत हद तक प्रगति कर रहे हैं, भारत और बांग्लादेश ने पिछले कुछ वर्ष में बहुत आगे तक का सफर तय किया है, आज हमारे द्विपक्षीय संबंध अपने सबसे अच्छे दौर में हैं। जाहिर है भारत के इस तोहफे से बांग्लादेश के साथ संबंधों में और मधुरता के साथ मजबूती भी देखने को मिलेगी। 

अन्य खबरे