Breaking News

मणिपुर में असम राइफल्स के जवान ने अपने ही साथियों पर फायरिंग के बाद खुद जान दी

24 Jan, 2024 604

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मणिपुर से फिर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। असम राइफल्स के एक जवान ने अपने ही साथियों पर मणिपुर में अंधाधुंध फायरिंग कर दी और फिर खुद गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस गोलीबारी में असम राइफल्स के छह जवान घायल हुए हैं। उन्हें चुराचांदपुर के सैन्य अस्पताल ले जाया गया है। मामला दक्षिण मणिपुर का है। यह घटना एआर बटालियन परिसर में हुई। हमलावर जवान हिंसाग्रस्त मणिपुर के चुराचांदपुर का ही रहने वाला बताया जा रहा है। उसने अपने साथियों पर बंदूक से हमला कर दिया। खबर के मुताबिक, हमलावर सैनिक कुकी समुदाय से था। बाद में उसने खुद को गोली मार ली। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, हमले में घायल पीड़ित न तो मैतेई हैं और न ही मणिपुर के रहने वाले हैं। फिलहाल गोलीबारी के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। असम राइफल्स ने एक बयान जारी कर कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना को मणिपुर में चल रहे (जातीय) संघर्ष से नहीं जोड़ा जाना चाहिए”। केंद्रीय अर्धसैनिक बल ने कहा कि मणिपुर में चल रहे जातीय संघर्ष के मद्देनजर, किसी भी संभावित अफवाहों को दूर करने और किसी भी तरह की अटकलों से बचने की जरूरत है। इसके लिए घटना की सही और पारदर्शी जानकारी शेयर करना महत्वपूर्ण है। बता दें कि लगातार कोशिशों के बावजूद मणिपुर में हिंसा जारी है।

अन्य खबरे