Breaking News

मुंद्रा बंदरगाह पर पाकिस्तान से चीन ले जाया जा रहा खतरनाक रेडियोएक्टिव पदार्थ बरामद

20 Nov, 2021 826

संवाददाता/in24 न्यूज़.
गुजरात से एक बार फिर सनसनी फैलानेवाली खबर सामने आई है। कुछ ही समय पहले ही 21 हजार करोड़ रुपए से अधिक के क़रीब तीन हजार किलो हेरोइन वाले अफगानिस्तानी कंटेनर की बरामदगी के कारण सुर्खियों में रहे अडानी समूह संचालित गुजरात के कच्छ जिले के मुंद्रा बंदरगाह (अडानी पोर्ट्स एंड एसईज़ेड) पर अब पाकिस्तान से चीन भेजी जा रही संदिग्ध रेडियोएक्टिव सामग्री की सनसनीखेज बरामदगी हुई है। एक विदेशी जहाज पर लदे संदिग्ध रेडियोधर्मी सामग्री वाले कंटेनरों का पता भी खुफिया राजस्व निदेशालय (डीआरआई) और सीमा शुल्क यानी कस्टम विभाग की टीम ने लगाया है। इस सामग्री को आगे की जांच के लिए जहाज से उतार कर जब्त कर लिया गया है। अडानी समूह की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि खुफिया राजस्व निदेशालय (डीआरआई) और सीमा शुल्क यानी कस्टम विभाग की टीम ने एक विदेशी जहाज़ पर कल संदेह के आधार पर कई कंटेनर की जांच की थी। इन्हें हालांकि गैर खतरनाक किस्म के सामान के तौर पर दर्शाया गया था पर इन कंटेनरों पर हाजर्ड क्लास 7 का चिन्ह था जो रेडियोधर्मी सामग्री के लिए होता है। इन कंटेनरों को मुंद्रा बंदरगाह या देश के किसी अन्य बंदरगाह के लिए रवाना नहीं किया गया था। इन्हें कराची से चीन के शंघाई भेजा जा रहा था। सरकारी अधिकारियों ने जांच के लिए इन कंटेनरों को मुंद्रा बंदरगाह पर उतार दिया है। इस बीच सूत्रों ने बताया कि उच्च स्तरीय एजेंसियां और विशेषज्ञ इस मामले की जांच में जुटे हैं। ज्ञातव्य है कि क़रीब एक माह पहले ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट के ज़रिए भेजी गयी हेरोइन की डीआरआई और कस्टम्ज़ की टीम द्वारा बरामदगी के बाद अडानी पोर्ट ने कहा था कि यह 15 नवंबर से ईरान, पाकिस्तान या अफगानिस्तान से आने वाले किसी भी कंटेनरयुक्त कार्गो की हैंडलिंग नहीं करेगा। जाहिर इस बड़ी घटना के बाद मुंद्रा बंदरगाह सवालों के घेरे में फिर से घिरने वाला है।

अन्य खबरे