यूपी में बढ़ा डेंगू का आतंक
संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश में डेंगू का खौफ बढ़ गया है। डेंगू के सबसे ज्यादा मामले उत्तर प्रदेश में मिल रहे हैं। राज्य के फिरोजाबाद, मथुरा, एटा, कासगंज और मैनपुरी में डेंगू के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं इसके अलावा कानपुर में भी डेंगू के मरीज मिले हैं। अब मथुरा में एक बार फिर से डेंगू के मामले बढ़ने से अफरातफरी का माहौल है। जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान सिर्फ मथुरा में ही डेंगू के 28 नए मरीज मिले हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान डेंगू के 18 मरीज ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज भी हुए हैं। सिर्फ मथुरा जिले में ही बीते एक सप्ताह में 100 से ज्यादा डेंगू के मरीज मिले हैं। इसी के साथ कृष्ण नगरी मथुरा में डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़कर 386 हो गई है। वहीं डेंगू से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 16 पहुंच गया है। खबरों के मुताबिक, डेंगू का खतरा मथुरा के 20 से अधिक गांवों में फैला हुआ है। बताया जा रहा है कि डेंगू से मरने वालों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से कहीं अधिक हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग पर डेंगू से मरने वालों की संख्या छिपाने का आरोप भी लग रहा है। बताया जा रहा है कि ऑडिट टीम पिछले दिनों हुई मासूम बच्चों की मौत की वजह तक नहीं बता पाई। यहां बड़ी संख्या में लोगों का घर पर ही इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को ट्रेस कर उपचार करने में जुटा है। वहीं दूसरी तरफ पहले से ही लोग कोरोना के भय से ग्रसित हैं।