लोकसभा में दर्शक दीर्घा से दो लोगों ने कूदकर गैस छोड़ी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज जहां संसद पर आतंकवादी हमले की 22वीं बरसी है, ऐसे में लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आया है। दर्शक दीर्घा से दो शख्स लोकसभा की कार्यवाही में घुस गए और बेंच पर जा खड़े हुए। इन लोगों ने गैस भी छोड़ी, जिससे परिसर धुंआ-धुंआ हो गया। इन दोनों को ही कुछ सांसदों ने पकड़ा और फिर सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया गया। एक शख्स तो बेंच पर जा चढ़ा और नारेबाजी करने लगा। इस घटना से हड़कंप मच गया और सांसद बाहर निकलने लगे। कार्यवाही को भी तुरंत ही स्थगित कर दिया गया। सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि यह अनुभव काफी डरावना था। वहीं कार्ति चिदंबरम ने कहा कि यह भारी चूक है। बसपा के निलंबित सांसद दानिश अली का कहना है कि दोनों लोगों को पकड़ लिया गया है। यही नहीं संसद के बाहर भी दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। परिसर के बाहर एक महिला और पुरुष ने तानाशाही बंद करने के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। दोनों को पुलिस ने मौके से पकड़ा और उन्हें वहां से ले गई। दोनों पटाखे लेकर पहुंचे थे और उन्हें जलाते हुए नारेबाजी करने लगे। फिलहाल पुलिस दोनों को संसद मार्ग थाने में ले गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है। नारेबाजी की यह घटना संसद पर हमले की बरसी के दिन हुई है। इसके चलते संसद के पास प्रदर्शन से सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया और तुरंत उन्हें पकड़ा गया। बता दें कि लोकसभा के अंदर इस तरह की घटना का मतलब साफ है कि सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है।