शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन द्वारा किए गए हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और देश को भरोसा दिलाया कि यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। लद्दाख सीमा पर गलवन घाटी चीनी सेना के साथ हुई झड़प में शहीद हुए सेना के जवानों को पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि दी। भारत की अखंडता और संप्रभुता सर्वोच्च है और इसकी रक्षा करने से हमें कोई रोक नहीं सकता। भारत शांति चाहता है, लेकिन भारत उकसाने पर हर हाल में मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। लद्दाख सीमा पर गलवन घाटी के पास चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में चीन को भारी नुकसान हुआ है। सूत्रों के अनुसार सीमा पर हुई इस झड़प में चीन के 40 से ज्यादा सैनिकों के मारे जाने की संभावना है। इस बीच चीन ने एक बार फिर से भारत पर उल्टा दोष मढ़ने की कोशिश की है। चीन ने अपना पुराना चरित्र दिखाते हुए भारत पर बॉर्डर प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। चीन ने एकबार फिर झूठ का राग अलापने की कोशिश की है। भारत-चीन सीमा पर तनाव के बीच आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीनों सेना प्रमुखों के साथ एक अहम बैठक की । इस अहम बैठक के बाद राजनाथ ने हिंसक झड़प में शहीद जवानों को याद करते हुए कहा है कि देश उनकी बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। मेरी भावनाएं सैनिकों के परिवार वालों के साथ हैं। हमें भारत के बहादुरों की बहादुरी और साहस पर गर्व है। गौरतलब है कि लद्दाख में भारत और चीन के बीच हिंसक झड़प होने के बाद सीमा पर और अधिक तनाव हो गया है। अब इस मुद्दे पर पीएम मोदी ने 19 जून को शाम 5 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है।