Breaking News

श्रीनगर में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर

19 Dec, 2021 686

संवाददाता/in24 न्यूज़.
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सुरक्षा बलों के जवानों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार घाटी में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जिसमें अब तक कई आतंकियों को ढेर किया जा चुका है। अधिकारी ने कहा कि शुरूआती जांच से पता चला है कि मारा गया आतंकवादी विदेशी प्रतीत होता है। कश्मीर जोन पुलिस ने इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी है। सुरक्षाबलों ने एक इनपुट के आधार पर इलाके में तलाशी अभियान चलाया था। मुठभेड़ की शुरुआत आज तड़के हुई और कुछ ही देर के बाद सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया। सुरक्षा बल मारे गए आतंकी की पहचान करने में लगे थे और साथ ही इलाके में सतर्कता बरती जा रही थी। बता दें कि कुछ ही दिन पहले दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-ताइबा के दो दहशतगर्दों को ढेर कर दिया था। इनके पास से दो पिस्तौल, दो मैगजीन, पिस्तौल की सात गोलियां, एक ग्रेनेड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थीं। बुधवार देर रात को कुलगाम जिले के रेडवनी गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसओजी ने सेना की एक राष्ट्रीय राइफल्स और 188 बटालियन सीआरपीएफ  के जवानों के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इस बारे में पुलिस ने बताया कि दोनों आतंकियों की शिनाख्त कुज्जर फ्रिसल के आमिर बशीर डार और सुरसनो हटिपोरा के आदिल यूसुफ के तौर पर हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लश्कर के दोनों दहशतगर्द कई आतंकी गतिविधियों में शामिल थे, जिनमें सुरक्षाबलों पर हमले और स्थानीय लोगों पर ज़ुल्म करने जैसी वारदातें शामिल हैं। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने सुरक्षाबलों द्वारा स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और ऑपरेशन को पेशेवर तरीके से अंजाम देने के लिए उन्हें बधाई दी है। कहा कि सबसे बड़ी बात यह रही कि ऑपरेशन में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। इस कार्रवाई ने सुरक्षा बलों के हौसले में इजाफा किया है।

अन्य खबरे