सितरंग के तूफान से बांग्लादेश में सात की मौत, भारत पर खतरा बरकरार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरा देश जहां दिवाली पर्व मनाने में व्यस्त था वहीं साइक्लोन सितरंग के तूफान की चपेट में आने से बांग्लादेश में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। आफादा मंत्रालय के प्रवक्ता निखिल सरकार के हवाले से बताया कि बरगुना, नारेल, सिराजगंज और द्वीपीय जिले भोला से मौतों की सूचना मिली है। वहीं, कॉक्स बाजार तट से हजारों की संख्या में लोगों और मवेशियों को सुरक्षित स्थान ले जाया गया है। दूसरी ओर आज इस चक्रवात के पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और मेघालय में कहर बरपाने की संभावना है। मंगलवार को मेघालय के चार जिलों में आज सभी शैक्षणिक संस्थानों की छुट्टी रहेगी। चक्रवात सितरंग न सिर्फ भारतीय राज्यों बल्कि पड़ोसी मुल्कों में भी कहर बरपा रहा है। बांग्लादेश में सोमवार रात साइक्लोन की तबाही में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। कॉक्स बाजार के उपायुक्त मामुनूर राशिद ने बताया कि तट पर हजारों लोगों और पशुओं को चक्रवाती तूफान सितरंग के कारण खराब मौसम की वजह से सोमवार को चक्रवात आश्रयों में ले जाया गया। चक्रवात ने चटगांव-बरिसाल तट पर रात करीब नौ बजे लैंडफॉल किया। चक्रवात सितरंग के भारतीय राज्यों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। इसलिए एहतियात के तौर पर कई हजार लोगों को पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों से निकाला गया, जिसमें 100 से अधिक राहत केंद्र खोले गए। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में आज अधिकांश स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। बता दें कि सितरंग का खतरा देखते हुए लोगों में दहशत का माहौल है।