Breaking News

हिमाचल विधानसभा के बाहर खालिस्तानी झंडे लगे होने से मचा हड़कंप

08 May, 2022 631

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
खालिस्तान का जिक्र फिर शुरू है. इसी कड़ी में हिमाचल की विधानसभा के बाहर खालिस्तानी झंडे लगे होने से प्रदेश में हड़कंप मचने के साथ सियासी पारा काफी गर्मा गया है। इस बीच प्रदेश के मुख्य मंत्री ने झंडा लगाने वालों को चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा परिसर के गेट पर रात के अंधेरे में खालिस्तान के झंडे लगाने वाली कायरतापूर्ण घटना की मैं निंदा करता हूं। इस विधानसभा में केवल शीतकालीन सत्र ही होता है, इसलिए यहां अधिक सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता उसी दौरान रहती है। इसी का फायदा उठाकर कायरतापूर्ण घटना को अंजाम दिया गया है, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस घटना की त्वरित जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मैं उन लोगों को कहना चाहूंगा कि यदि हिम्मत है तो रात के अंधेरे में नहीं, दिन के उजाले में सामने आएं। गौरतलब है कि प्रदेश की विधानसभा के मुख्य द्वार और चारदीवारी पर खालिस्तान के झंडे लगे मिले। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसपी कांगड़ा, खुशाल शर्मा ने कहा कि हो सकता है कि यह घटना आज देर रात या सुबह हुई हो। हमने विधानसभा गेट से खालिस्तान के झंडे हटा दिए हैं। यह पंजाब के कुछ पर्यटकों की हरकत हो सकती है। हम आज केस दर्ज करने जा रहे हैं। बता दें कि खालिस्तान के समर्थक लगातार अपनी भावनाओं का इजहार करते रहे हैं। 

अन्य खबरे