आज यूपी में निकाय चुनाव, सीएम योगी ने डाला वोट
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकाय के चुनाव हो रहे हैं। नगर निकाय चुनाव (municipal elections) के पहले चरण में आज 37 जिलों में मतदान शुरू हो गया। इस चरण में कुल 7,592 पदों के लिए चुनावी रण में उतरे 44,226 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम और मतपेटियों में बंद हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने गोरखपुर के गोरखनाथ कन्या प्राइमरी स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले चरण में प्रदेश के नौ मंडलों के 37 जिलों में 10 नगर निगमों, 104 नगर पालिका परिषदों और 276 नगर पंचायतों के चुनाव हो रहे हैं। करीब 2.40 करोड़ मतदाता 7,593 पदों के लिए 44 हजार से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, सभी केंद्रों पर मतदान की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की अलग से तैनाती की गई है। मतदान के लिए लोग सुबह से कतार में खड़े हैं। वोटिंग शाम छह बजे तक चलेगी। महापौर और पार्षद पद के लिए ईवीएम से मतदान होगा जबकि अन्य पदों के लिए मतपत्रों से वोटिंग हो रही है। भाजपा (BJP) ने निकाय चुनाव में सभी 17 नगर निगम में जीत के साथ 60 फीसदी तक वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा है। लिहाजा भाजपा के सामने सभी सीटों पर जीत के साथ जीत का अंतर बढ़ाने की भी चुनौती है। सीएम योगी ने सभी सड़े मतदान करने की अपील की है।