Breaking News

60 से ज्यादा देशों के राजदूत कोविड टीके के लिए पहुंचे भारत

09 Dec, 2020 603

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
पूरी दुनिया आज भी कोरोना महामारी का सामना करने को अभिशप्त है. मगर सबसे कमाल की बात है कि दुनिया के कई बड़े देश वैक्सीन को लेकर अपना दवद्यान भारत पर केंद्रित कर रहे हैं. भारत को दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन निर्माता कहा जाता है. कोरोना वायरस के खिलाफ भारत में बन रही वैक्सीन की जानकारी के लिए आज 64 विदेशी मिशनों के प्रमुखों की एक टीम आज हैदराबाद पहुंची. यह टीम भारत बायोटेक और बायोलॉजिकल ई लिमिटेड का दौरा करेगी. ये दोनों कंपनियां कोरोना वायरस के खिलाफ टीके विकसित कर रही हैं. इससे पहले 6 नवंबर को विदेश मंत्रालय द्वारा कोविड -19 की ब्रीफिंग की गई थी, जिसमें यह जानकारी दी गई थी. इस बीच भारत का केंद्रीय ड्रग रेगुलेटर फाइजर, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक के आवेदनों की समीक्षा करेगा, जिन्होंने अपने कोविड -19 वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग के लिए प्राधिकरण की मांग की है. अमेरिकी दवा दिग्गज फाइजर की भारतीय शाखा ने 4 दिसंबर को अपने टीके के लिए मंजूरी मांगी थी. 6 दिसंबर को पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने अपने ऑक्सफोर्ड कोविड -19 वैक्सीन के लिए अनुमति मांगी थी. इसके बाद भारत बायोटेक ने 7 दिसंबर को इसके लिए आवेदन किया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस संकट से लड़ने में सभी मानवता की मदद करने के लिए टीके के उत्पादन और वितरण क्षमता का उपयोग किया जाएगा. उन्होंने अहमदाबाद, हैदराबाद और 28 नवंबर को पुणे में सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया में वैक्सीन विकास और विनिर्माण प्रक्रिया की समीक्षा करने के लिए दौरा किया था. 30 नवंबर को पीएम ने पुणे, बायोलॉजिकल ई लिमिटेड हैदराबाद और डॉ. रेड्डीज़ लेबोरेटरीज लिमिटेड हैदराबाद की टीमों के साथ वर्चुअल बैठकें कीं. तीनों टीमें कोविड-19 के टीके के विकास और निर्माण पर काम कर रही हैं. भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन निर्माता है और कोरोना महामारी के खिलाफ वैश्विक प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है. भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 32,080 नए मामले आने के बाद कुल मामलों की संख्या 97,35,850 हो गई है. 402 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,41,360 है. कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या अब 3,78,909 है. 36,635 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 92,15,581 हुई. यानी धीरे धीरे कोरोना की रफ़्तार में कमी आ रही है.

अन्य खबरे