90 लाख के पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना का खौफ कम होने की बजाए बढ़ता ही जा रहा है. देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है. कोरोना संक्रमितों की संख्या आज देश में 90 लाख के पार चली गई है. पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना के नए 45,882 केस दर्ज किए गए. इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 90,04,365 हो चुकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 584 मरीजों की मौत हुई. इसके बाद देश में अब तक कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 1,32,162 पर पहुंच गया है. आलम यह है कि देश में पिछले लगातार 47 दिन तक ठीक होने वालों की संख्या संक्रमितों की संख्या से ज्यादा रही है, लेकिन आज वह सिलसिला टूट गया. देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 44,807 मरीज़ ठीक हुए लेकिन नए मरीज 45,882 सामने आए हैं. इसके साथ ही देश में कोरोना से ठीक होकर घर लौटने वालों की संख्या 84 लाख से ज्यादा हो गई है. अभी देश में कोरोना का रिकवरी रेट 93.6 फीसदी है. अभी देश में कुल कोरोना एक्टिव मरीज 4.92 फ़ीसदी यानि 4,43,794 हैं. देश में कोरोना का डेथ रेट 1.46 फ़ीसदी पर चल रहा है. इसके बाद कोरोना पॉजिटिविटी रेट 4.23 फीसदी पर पहुंच गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 10,83,397 लोगों का टेस्ट हुआ. इसके साथ अब तक देश में 12,95,91,786 लोगों का कोरोना टेस्ट हो चुका है. जानकारों के अनुसार अभी कोरोना संक्रमण से बचकर रहना ज़रूरी है क्योंकि इसका संकट बरकरार है.