Breaking News

शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष की उड़ान भर इतिहास रचा, माता-पिता हुए भावुक – बोले, पूरा देश उन पर गर्व करता है

25 Jun, 2025 297

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम मिशन के तहत तीन साथियों के साथ अंतरिक्ष की ओर उड़ान भरी। इस ऐतिहासिक मौके पर उनके माता-पिता भावुक हो उठे।कानपुर रोड स्थित सीएमएस के एक कार्यक्रम में उपस्थित शुभांशु के माता-पिता ने अपने बेटे की इस उपलब्धि पर गहरा गर्व जताया। शुभांशु, 41 साल पहले लगातार आठ दिन तक पृथ्वी की परिक्रमा करने वाले राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बने हैं।

जब एक्सिओम-4 मिशन शुरू हुआ, तब शुभांशु के माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्होंने कहा कि पूरे देश को उनके बेटे पर गर्व है। इस अवसर पर एसआईए इंडिया के अध्यक्ष डॉ. सुब्बा राव पावुलुरी ने भी कहा, "शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष में जाना भारत के लिए एक गर्व का दिन है।"उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी शुभांशु और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखा जाएगा।

माता-पिता ने दी बहू को भी श्रेय
शुभांशु की मां आशा शुक्ला ने कहा, "यह हमारे लिए गर्व का पल है। जगह-जगह हमारे बेटे के पोस्टर लगे हैं और लोग खुश हैं कि हमारे त्रिवेणी नगर का बेटा इतनी ऊंचाई तक पहुंचा है। हमारी बहू ने भी इस सफर में अहम भूमिका निभाई है, उनके बिना यह संभव नहीं था। हम उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हैं।"उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने कहा, "हम शुभांशु के मिशन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। हम उनके लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनका मिशन सफल हो। हर जगह हमारे बेटे के पोस्टर देख कर खुशी होती है। वह लखनऊ, उत्तर प्रदेश और पूरे देश का नाम रोशन कर रहा है। हम उस पर गर्व महसूस करते हैं।"

अन्य खबरे