Breaking News

अस्पताल से इलाज के बाद घर लौटीं स्वरकोकिला लता मंगेशकर

09 Dec, 2019 1141

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
स्वरकोकिला लता मंगेशकर के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है कि उनकी प्रिय गाइका अस्पताल से अपना इलाज करवाकर 28 दिनों बाद अपने घर लौट चुकी हैं. गौरतलब है कि लता मंगेशकर चार हफ्ते तक अस्पताल में निमोनिया का इलाज कराने के बाद रविवार को घर लौट आयीं. 90 वर्षीय गायिका को सांस लेने में परेशानी होने के बाद 11 नवंबर को ब्रीज कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्होंने ट्विटर के जरिये अपनी सेहत की जानकारी दी और स्वस्थ होने की प्रार्थना एवं शुभेच्छा करने वाले प्रशंसकों को धन्यवाद दिया. लता मंगेशकर ने ट्वीट किया, पिछले 28 दिनों से मैं ब्रीच कैंडी अस्पताल में थी. मेरा निमोनिया का इलाज किया गया. डॉक्टरों ने अस्पताल में रहने और पूरी तरह से ठीक होने के बाद ही घर जाने की सलाह दी. आज मैं माई और बाबा के आशीर्वाद से घर लौट आयी हूं. मैं अपने सभी शुभचिंतकों की शुक्रगुजार हूं. आपकी प्रार्थना और शुभेच्छा ने काम किया और मैं विनम्रता से आप सभी को नमन करती हूं. लता ने इलाज करने वाले डॉक्टरों का भी आभार व्यक्त किया. उन्होंने ट्वीट किया, ब्रीच कैंडी में डॉक्टर मेरे दैवीय अभिभावक रहे और मैं अंतरमन से उन सभी का आभार व्यक्त करती हूं. नर्सिंग स्टॉफ असाधारण हैं. आपका अपार प्रेम और आशीर्वाद बहुमूल्य हैं.

 

अन्य खबरे