Breaking News

सावित्रीबाई फुले पर अपमानजनक लेख से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी आक्रामक

31 May, 2023 735
संजय मिश्रा/in24न्यूज़/मुंबई
 
इंडिक टेल्स और हिंदू पोस्ट जैसे वेबसाइटों के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की मांग की. मुंबई पुलिस कमिश्नर से मिलने पहुंचे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना भी दिया. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार जयंत पाटील सुनील तटकरे और छगन भुजबल जैसे दिग्गज नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया. मुंबई पुलिस कमिश्नर के साथ हुई बैठक के दौरान एनसीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री छगन भुजबल ने एक हस्ताक्षरित पत्र के जरिए यह दावा किया है कि इन डिटेल्स और हिंदू पोस्ट वेबसाइटों ने महाराष्ट्र की महान समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले के खिलाफ आपत्तिजनक लेख पोस्ट किए हैं. छगन भुजबल ने कहा कि महिला शिक्षा के क्षेत्र में सावित्रीबाई को अग्रणी माना जाता है. एनसीपी द्वारा मुंबई पुलिस कमिश्नर को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि महाराष्ट्र में सावित्रीबाई फुले का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यह छत्रपति शिवाजी महाराज और शाहू-फूले-आंबेडकर का महाराष्ट्र है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने पत्र के जरिए कड़ा विरोध दर्शाया. सोमवार को छगन भुजबल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर कथित वेबसाइट और फुले पर कथित तौर पर आपत्तिजनक लिखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इतिहास को पुनर्व्यवस्थित करने के नाम पर तथाकथित वेब पोर्टल इतिहास को ही नष्ट कर रहे हैं. इस असामाजिक प्रवृत्ति को कुचलने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए और गलत खबरों को प्रकाशित करने वाले वेबसाइटों पर प्रतिबंध लगाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.

अन्य खबरे