मशहूर टीवी धारावाहिक 'सीआईडी' फेम दिनेश फडनिस को पड़ा दिल का दौरा, वेंटिलेटर सपोर्ट पर अभिनेता
संजय मिश्रा/in 24न्यूज़/मुंबई
टीवी इंडस्ट्री का मशहूर शो सीआईडी में फ्रेडरिक्स का किरदार निभाने वाले अभिनेता दिनेश फडनीस की दिल का दौरा पड़ा है, जिसके बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक रिपोर्ट के अनुसार 57 वर्षीय दिनेश फडनीस को उनके आवास पर शनिवार को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें मुंबई के तुंगा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि दिनेश फडनीस वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. टीवी अभिनेता के हार्ट अटैक की खबर के बाद फैंस उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं. वहीं सेलेब्स उनके जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं. दरअसल दिनेश फडनीस, सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहते हैं. वह अक्सर अपनी फोटो और कॉमेडी वीडियो को लेकर फैंस के बीच बने रहते हैं. बता दें कि दिनेश फडनीस साल 1998 से 2018 तक टीवी के पॉपुलर शो सीआईडी का हिस्सा रहे. उन्होंने इस शो में बतौर फ्रेडरिक्स बनकर दर्शकों पर काफी दिनों तक राज किया. उनके किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. टीवी शो 'सीआईडी' के अलावा उन्होंने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शो में भी एक छोटा रोल निभाया था. इसके अलावा उन्होंने आमिर खान के साथ फिल्म 'सरफरोश' और ऋतिक रोशन के साथ 'सुपर 30' मूवी में भी काम किया था. हालांकि उन्हें सीआईडी शो ज्यादा पॉपुलैरिटी मिली थी. टीवी अभिनेता दिनेश फडनीस की बेहतरी के लिए पूरे देश में दुआओं का दौर जारी है.