FWICE ने रणवीर को किया बैन, डॉन 3 छोड़ने की मिली सजा!
निर्देशक चंद्र बारोट द्वारा निर्देशित फिल्म डॉन हिंदी सिनेमा में एक बेहद ही कामयाब फिल्म मानी जाती है। शायद इसीलिए रीमेक और सीक्वल फिल्मों के इस दौर में डॉन सबसे अच्छी फिल्म है। जिसकी फ्रेंचाइजी को फरहान अख्तर ने बरकरार रखा है। साल 2006 में शाहरुख खान को लेकर जब फरहान अख्तर ने डॉन की रीमेक बनाई, तो लोगों ने शाहरुख की डॉन को खूब पसंद किया और डॉन की इस सफलता को बरकरार रखते हुए साल 2011 में फरहान ने फिर डॉन 2 बनाई।
डॉन 2 में भी शाहरुख खान ही लीड में थे, लेकिन बॉक्स ऑफिस सफलता के पैमाने पर डॉन 2 का उतना जादू नहीं चल पाया था। फिर भी फरहान अख्तर ने अपनी इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाते हुए डॉन 3 की घोषणा कर दी। पहले खबर थी कि डॉन 3 भी शाहरुख खान ही करने वाले हैं। लेकिन बाद में रणवीर सिंह को लेकर डॉन 3 बनाने की घोषणा फरहान अख्तर ने 2023 में कर दी। तीन सालों बाद भी ये फिल्म पूरी नहीं हो सकी।
बीच में खबर आई कि रणवीर सिंह ने डॉन 3 छोड़ दी है। इस बीच फिल्म मेकर और अभिनेता रणवीर सिंह को लेकर कई खबरें सामने आई। फरहान अख्तर का कहना है कि उन्होंने फिल्म के प्री प्रोडक्शन में करोड़ों रुपये खर्च कर दिए हैं। जिसका मुआवजा उन्हें मिलना चाहिए। फिर ये भी खबर आई कि रणवीर सिंह साइनिंग अमाउंट लौटाने को तैयार हैं। लेकिन अब रणवीर सिंह पर फिल्म इंडस्ट्री में काम करने पाबंदी लगा दी।
दरअसल फिल्म मेकर फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी ने डॉन 3 को लेकर पनपे विवाद और रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने की शिकायत इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन में की है। एसोसिएशन ने आगे की कार्रवाई के लिए इसे फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ को भेज दिया। फेडरेशन के अशोक पंडित ने इस बारे में बताया कि संस्था ने फिल्म मेकर्स और एक्टर रणवीर सिंह के इस विवाद को पूरी तरह से समझा और मामले को सुलझाने के लिए रणवीर सिंह को तीन बार नोटिस देकर बातचीत के लिए बुलाया गया, लेकिन वो नहीं आए और ना ही इसे लेकर कोई जवाब दिया। ऐसे में फेडरेशन ने रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर इंडस्ट्री में काम करने पर बैन लगा दिया है।
बता दें कि इस प्रोजेक्ट को वित्तीय सहायता दे रही एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह से प्री-प्रोडक्शन पर हुए। ख़र्च के नुकसान की भरपाई के तौर पर 45 करोड़ रुपये की मांग की है। पाबंदी लगने के बाद रणवीर सिंह के आधिकारिक प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि अभिनेता फ़िल्म इंडस्ट्री और 'डॉन' फ़्रेंचाइज़ी से जुड़े सभी लोगों का बहुत सम्मान करते हैं। 'डॉन 3' से जुड़े हालिया घटनाक्रम के दौरान रणवीर सिंह ने चुप्पी बनाए रखना चुना, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए।
उधर फ़ेडरेशन के अध्यक्ष बीएन तिवारी का कहना है कि इस कडे फैसले से हम इंडस्ट्री को यह संदेश देना चाहते हैं कि कोई सुपरस्टार क़ानून से बड़ा नहीं है. जब तक वह व्यक्तिगत रूप से हमसे मिलने का फ़ैसला नहीं करते, तब तक हम असहयोग निर्देश जारी रखेंगे। अब देखना ये है कि रणवीर सिंह इस पाबंदी पर क्या रूख अपनाते हैं। उधर पाबंदी के बाद रणवीर सिंह को एअरपोर्ट पर स्पॉट किया गया है। सूत्रों का मानना है कि वो धुरंधर 3 की शूटिंग कर रहे हैं। ऐसे में सवाल ये है कि क्या बैन के बावजूद रणवीर शूटिंग जारी रखेंगे। और अगर रणवीर सिंह ऐसा करते भी हैं तो उन्हे बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है..क्योंकि इंडस्ट्री से जुड़े ज्यादातर कलाकार, टेक्नीशियन सभी फेडरेशन से जुड़े हैं और उसके आदेशों की अनदेखी नहीं कर सकते।