Breaking News

अग्निपथ के खिलाफ आज बिहार बंद

18 Jun, 2022 679

संवाददाता/in24 न्यूज़.

ग्निपथ योजना के खिलाफ आज बिहार बंद का आह्वान किया गया है. राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व में विपक्ष ने बिहार बंद का आह्वान किया है. इस दौरान प्रदेश में अलर्ट है. किसी अनहोनी से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया है. बावजूद इसके राज्य के कई स्थानों से बवाल की खबरें आ रही हैं. हालांकि, विभिन्न जिलों में अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात की गई हैं. कई जिलों में ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है. वहीं सुबह से ही पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों पटना की सड़कों पर दौरा कर रहे हैं. पटना में तो हालात नियंत्रण में दिख रहा है, लेकिन अन्य जिलों में कुछ छिटपुट हिंसा की खबरें आ रही हैं. अरवल में उपद्रवियों ने एंबुलेंस हमला बोल दिया तो वहीं जहानाबाद में शरारती तत्वों ने एक बस में आग लगा दी है. जानकारी के मुताबिक, कुर्था अस्पताल से रेफर मरीज को सदर फल पहुंचाने के क्रम में उपद्रवियों ने एंबुलेंस पर हमला कर दिया. जिससे एंबुलेंस चालक और मरीज गंभीर रूप से जख्मी हो गए. जानकारी के मुताबिक, कुर्था थाना क्षेत्र के कोदमरई गांव के मरीज सरस्वती कुमारी इलाज कराने जा रही थी तभी पटना और अरवल की सीमा पर इमामगंज बाजार में उपद्रवियों ने एंबुलेंस पर हमला बोल दिया. वहीं जहानाबाद में बिहार बंद के दौरान टेहटा में शरारती तत्वों ने थाने के सामने खड़ी एक बस में आग लगा दी और पथराव किया. इसके अलावा बिहार के नवादा में बंद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर है. अर्धसैनिक बलों की 4 अतिरिक्त कंपनी जिले में मंगाई गई. इसके अलावा जिला पुलिस बल के जवानों को हर जगह तैनात कर दिया गया. डीएम एसपी ने इसको लेकर जॉइंट आर्डर भी जारी किया. बता दें कि शनिवार सुबह से ही शहर के अलग अलग हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला गया. शहर के अलग अलग हिस्सों से कुल 60 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया. उधर दानापुर में अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए शुक्रवार को छात्रों ने तोड़फोड़ की थी. मगर शनिवार का नजारा कुछ अलग रहा. दानापुर स्टेशन का शांत माहौल रहा और यात्रियों की संख्या काफी कम नजर आई. रेलवे ने परिचालन भी सीमित कर दिया है और कई पैसेंजर ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है. बता दें कि अग्निपथ योजना का  विरोध कांग्रेस भी देश के कई हिस्सों में कर रही है.  

 

अन्य खबरे