अजित पवार ने की एनसीपी में घर वापसी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने एनसीपी में घरवापसी के बाद कहा कि मैं एनसीपी में था और एनसीपी में ही रहूंगा। महाराष्ट्र सियासी घमासान पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले तक एनसीपी के एक धड़े के समर्थन से बीजेपी के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार बना रहे अजित पवार ने अंततः इस्तीफा देकर मंगलवार को घर वापसी कर ली. बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने जब वह विधान भवन पहुंचे तो एनसीपी सांसद और पवार कुनबे की उत्तराधिकारी मानी जा रही सुप्रिया सुले ने गले लगाकर उनका स्वागत किया. इसके बाद अजित पवार ने मीडिया के कुरेदने पर लगभग झुंझलाते होते हुए कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि वह एनसीपी में थे, हैं और रहेंगे. गौरतलब है कि शनिवार को अप्रत्याशित घटनाक्रम में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सूबे में दोबारा बनने जा रही सरकार को एनसीपी के अजित पवार ने समर्थन दे दिया था. उसके बाद ही इन कयासों का दौर शुरू हो गया था कि एनसीपी में सुप्रिया सुले और रोहित पवार के बढ़ते वर्चस्व से वह खुद को हाशिये पर मान रहे थे और इसी कारण उन्होंने देवेंद्र फडणवीस सरकार को समर्थन देकर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा जाहिर कर दी थी. इस सियासी भूकंप के बीच ही अजित पवार ने एक ट्वीट भी किया था कि वह एनसीपी में थे, हैं और रहेंगे. इसके साथ ही ट्वीट में उन्होंने शरद पवार के नेतृत्व पर भी विश्वास जताया था. हालांकि तब राजनीतिक घटनाक्रम के तहत उनके बयान के अलग मायने लगाए थे.