अब अलका लांबा ने छोड़ी आम आदमी पार्टी
06 Sep, 2019
1126
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आम आदमी पार्टी में भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है, इसीलिए अलका लांबा ने भी पार्टी छोड़ दी है. गौरतलब है कि दिल्ली की चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है. उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट कर यह जानकारी दी. उन्होंने लिखा, "आम आदमी पार्टी को गुडबाय कहने और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का समय आ गया है. पिछले 6 साल का सफर शानदार था और बहुत सीखने को मिला. सभी को धन्यवाद." अलका लांबा पिछले कुछ समय से पार्टी से नाराज चल रही थीं. कई मौकों पर वह पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर दिखा चुकी हैं. कुछ दिनों पहले अलका लांबा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकती हैं.