Breaking News

औरंगाबाद दुर्घटना में मारे गए प्रवासी श्रमिकों के परिवारों को पांच लाख का मुआवजा : उद्धव ठाकरे

08 May, 2020 863

संवाददाता/in24 न्यूज़.
श्रमिकों द्वारा लॉकडाउन में घर जाने की लगी होड़ के दौरान प्रवासी मज़दूरों का पलायन जारी है. औरंगाबाद हादसे में मरनेवाले श्रमिकों के परिवार को महाराष्ट्र सरकार पांच लाख रुपए का मुआवज़ा देगी. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार प्रवासी श्रमिकों के लिए अधिक से अधिक ट्रेनें चलाने के लिए केंद्र के साथ लगातार संपर्क में है. उन्होंने जल्द ही श्रमिकों की वापसी की व्यवस्था की बात कही है. ठाकरे ने कहा राज्य सरकार ने 4,729 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां 4,28,734 प्रवासी मजदूरों को भोजन और शरण दी गई है. मुख्यमंत्री ने प्रवासी कामगारों से धैर्य नहीं खोने की अपील की है. सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार गुरुवार को औरंगाबाद दुर्घटना में मारे गए प्रवासी श्रमिकों के परिवारों को पांच लाख देगी. दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री ठाकरे ने प्रवासी श्रमिकों को वापस लौटने के लिए जल्दीबाजी में नहीं करने की बात कही है. सीएम कार्यालय ने कहा कि आज सुबह इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव के साथ-साथ रेलवे प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की है. औरंगाबाद में मारे गए प्रवासी श्रमिक जालना क्षेत्र में एक स्टील कंपनी के लिए काम कर रहे थे. रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के जालना और औरंगाबाद के बीच मालगाड़ी की चपेट में आने से प्रवासी मजदूरों की मौत हुई. इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरकारी अस्पताल ले जाए गए दो व्यक्तियों में से एक ने दम तोड़ दिया. रेल मंत्रालय ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. पिछले चार-पांच दिनों में प्रवासी मजदूरों के लिए महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं. सीएम कार्यालय ने कहा कि लगभग एक लाख लोग अपने-अपने गांवों में सुरक्षित रूप से पहुंच गए हैं. अगले कुछ दिनों में यह योजना बनाई गई है कि राज्य में फंसे हुए सभी कर्मचारी अपने घरों तक ठीक से पहुंचेंगे और रेलवे के साथ लगातार तालमेल बना रहेगा.

अन्य खबरे