कांग्रेस ने दर्ज कराई बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ एफआईआर
भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर एक ट्वीट किया था, जिसमें उनके विदेशी दौरे का जिक्र किया गया था. अब उनके ट्वीट को लेकर कांग्रेस की तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई है. बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए विवादित ट्वीट करने के खिलाफ बेंगलुरु में बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय पर एफआईआर दर्ज हुई है. कांग्रेस नेताओं की तरफ से पुलिस में मालवीय के ट्वीट को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई है. मालवीय पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने राहुल को हिंदू संस्कृति और भारत के खिलाफ दिखाया है. साथ ही इसमें ये भी कहा गया है कि बीजेपी नेता मालवीय की तरफ से राहुल गांधी के भाषण में बदलाव कर झूठ परोसने का काम किया है.
अमित मालवीय के खिलाफ कांग्रेस नेता रमेश बाबू ने शिकायत दर्ज कराई है. इस शिकायत में कहा गया है कि जो वीडियो ट्वीट किया गया है वह सामाजिक तौर पर अन्याय है. उन्होंने राहुल गांधी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और अंतरराष्ट्रीय मीडिया के बीच एक संबंध दिखाया है. वीडियो में उन्होंने दिखाया है कि कांग्रेस सिर्फ अल्पसंख्यकों का समर्थन करती है. शिकायत में कहा गया है, "ट्वीट में राहुल गांधी के भाषणों में बदलाव किया गया है और बताया गया है कि वो समाज को बांटना चाहते हैं और समाज में नफरत फैलाना चाहते हैं. इससे राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की छवि धूमिल हुई है और समाज में उनके सम्मान को नुकसान पहुंचा है. इसलिए हम अमित मालवीय और अन्य के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध करते हैं.