केंद्र ने देश की अर्थ व्यवस्था को बर्बाद किया : ममता
06 Oct, 2018
1421
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर देश की अर्थव्यवस्था को ‘बर्बाद’ करने का आरोप लगाया और कहा कि आर्थिक स्थिरता के बगैर राजनीतिक स्थिरता हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह राज्य में ‘‘एक राजनीतिक दल की तरह’’ व्यवहार कर रहा है। ममता ने कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘पूरी भारतीय अर्थव्यवस्था खतरनाक स्थिति में है। देश को बचाने के लिये इसे बदलना होगा। अगर आर्थिक स्थिरता नहीं होगी तब राजनीतिक स्थिरता भी नहीं हो सकती। इस सरकार को जाना चाहिए।’ ईंधन के बढ़े दामों के लिये केंद्र पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्यों से कर घटाने के लिये कहने से पहले केंद्र सरकार को पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए 10 रूपये के उपकर को वापस लेना चाहिए।