केजरीवाल पर तिरंगे के अपमान का आरोप
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगा है. केंद्रीय संस्कृति तथा पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बड़ा आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि अरविंद केजरीवाल भारतीय तिरंगे का अपमान कर रहे हैं. इस बावत उन्होंने दिल्ली के उपराज्यपाल को एक शिकायती पत्र लिखा है. केंद्रीय संस्कृति तथा पर्यटन मंत्री द्वारा लिखे पत्र में कहा गया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके बैकग्राउंड में जो तिरंगा लगा है, वह संहिता के लिहाज से सही नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी इस संबंध में पत्र को भेजा है. पत्र के माध्यम से केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने इस गलती को तुरंत सुधार करने की मांग की है. इस पत्र की एक कॉपी दिल्ली के उपराज्यपाल को भी भेजी गई है. केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने पत्र में लिखा है कि अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्प्रेन्स के दौरान बैकग्राउंड में राष्ट्रीय तिरंगा लगा है. इसमें हरे कलर को दबाया गया है तथा सफेद कलर को बड़ा किया गया है. यह राष्ट्रीय ध्वज संहिता का उल्लंघन है. उन्होंने आरोप लगाया कि तिरंगे में बीच के सफेद हिस्से को कम करके हरे हिस्से को जोड़ा गया है. पत्र में उन्होंने लिखा है कि अरविंद केजरीवाल, माननीय मुख्यमंत्री दिल्ली प्रदेश, टीवी चैनल पर जब भी संबोधन करते हैं तो उनकी कुर्सी के पीछे लगे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के स्वरूप पर बरबस ही ध्यान चला जाता है. वह मुझे अपनी गरिमा और संवैधानिक स्वरूप से भिन्न प्रतीत होता है. जैसे राष्ट्रीय ध्वज को सजावट के लिए तैयार करके लगाया गया है. पत्र में इसके आगे वह लिखते हैं कि ऐसा प्रतीत होता है कि तिरंगे में सफेद हिस्से को कम करके हरे हिस्से को जोड़ दिया गया लगता है. यह भारत सरकार गृह मंत्रालय के द्वारा निर्दिष्ट भारतीय झंडा संहिता में उल्लिखित भाग 1 के 1.3 में दिए गए मानकों का प्रयोग नहीं दिखाता है. माननीय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल महोदय से जाने-अनजाने में ऐसे कृत्य की अपेक्षा नहीं करते हुए इसकी ओर ध्यानाकर्षण चाहता हूं. बता दें कि इस मामले में अबतक केजरीवाल की प्रतिक्रिया नहीं आई है.