कोरोना पर राहुल का पीएम मोदी पर हमला
संवाददाता/in24 न्यूज़।
वैश्विक महामारी कोरोना संकट के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। कोरोना की दूसरी लहर के कहर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराते हुए राहुल गांधी ने कहा है कि महामारी को समझे बिना ही उन्होंने इस पर जीत की घोषणा कर दी थी जिसके कारण देश के लाखों लोगों को जान गंवानी पड़ी। राहुल गांधी ने शुक्रवार को यहां विशेष संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी को कोरोना का नेचर ही समझ नहीं आया और इस वजह से वह इसे रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार नहीं कर सके। विपक्ष लगातार सरकार को इस संबंध में आगाह करता रहा लेकिन श्री मोदी ने इस मामले में विपक्ष की सलाह पर ध्यान ही नही दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने में प्रधानमंत्री ने गैर जिम्मेदाराना भूमिका निभाई है और वह कोरोना की पहली लहर से ही इसको लेकर कभी गंभीर ही नहीं हो पाए। उनका कहना था कि यह बात समझ में आती है कि पहली लहर को मोदी समझ नहीं पाए होंगे लेकिन दूसरी लहर की स्थिति को समझे बिना ही उन्होंने महामारी को लेकर नरम रुख अपनाया और उनके काम करने के तरीके से लाखों लोगों को इस महामारी ने अपनी चपेट में ले लिया। बता दें कि पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 1,86,364 नए मामले सामने आए हैं।