गोडसे और मोदी में कोई अंतर नहीं : राहुल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महात्मा गांधी की 72वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक ऐसा विवादित बयान दिया है, जिसे लेकर देश की राजनीति में तूफान आ सकता है. राहुल गांधी ने पीएम मोदी और महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को एक तरह का इंसान बताया है. केरल में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि नाथूराम गोडसे और पीएम नरेंद्र मोदी एक ही विचारधारा में विश्वास करते हैं. राहुल गांधी ने कहा कि दोनों में कोई अंतर नहीं है. इसके बाद भी पीएम नरेंद्र मोदी में यह कहने की हिम्मत नहीं है कि वह गोडसे में विश्वास करते हैं. राहुल गांधी ने कहा कि नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी को गोली मार दी क्योंकि वह खुद पर विश्वास नहीं करता था, वह किसी से प्यार नहीं करता था, वह किसी की परवाह नहीं करता था, वह किसी पर विश्वास नहीं करता था और हमारे प्रधानमंत्री के साथ भी ऐसा ही है, वह केवल खुद से प्यार करते हैं, केवल खुद पर विश्वास करते हैं. राहुल गांधी ने इसके आगे कहा कि अगर आप इस बात पर ध्यान देंगे कि जब आप पीएम नरेंद्र मोदी से बेरोजगारी और नौकरी के बारे में बात करते हैं, तो वह अचानक ध्यान भटकाते हैं. एनआरसी और सीएए का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि इससे नौकरी नहीं मिलने जा रही. कश्मीर की स्थिति और असम को जलाने से हमारे युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है.