Breaking News

गोडसे विवाद के कारण साध्वी प्रज्ञा को रक्षा मंत्रालय की समिति से हटाया गया

28 Nov, 2019 913

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त क्या कहा उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ गया. गौरतलब है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने का आखिरकार खामियाजा भुगतना पड़ गया. बीजेपी सांसद प्रज्ञा को अब रक्षा मंत्रालय  की समिति से हटा दिया गया है. प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को 'देशभक्त' बताने के संदर्भ में बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि संसद में कल का उनका बयान निंदनीय है. बीजेपी कभी भी इस तरह के बयान या विचारधारा का समर्थन नहीं करती. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर को रक्षा मामले की संसदीय समिति से हटा दिया गया है और इस सत्र में उन्हें संसदीय पार्टी की बैठकों में भाग लेने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी. गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को रक्षा मामलों की संसदीय समिति के लिए नामित किया गया था. इस कमेटी की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह  कर रहे हैं. लोकसभा में भाजपा सदस्य प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को तब एक टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया जब डीएमके सांसद ए राजा अदालत के समक्ष नाथूराम गोडसे द्वारा दिए गए उस बयान को उद्धृत कर रहे थे कि उसने महात्मा गांधी को क्यों मारा. इस पर प्रज्ञा ने एतराज जताते हुए गोडसे को एक बार फिर देशभक्त बताया. ठाकुर की टिप्पणी को लेकर विपक्षी सदस्यों द्वारा विरोध जताए जाने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि एसपीजी (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान सिर्फ डीएमके नेता का बयान ही रिकॉर्ड में जाएगा. लोकसभा सचिवालय ने बाद में एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि ठाकुर की टिप्पणी दर्ज नहीं की गई है. राजा ने कहा कि गोडसे ने स्वीकार किया था कि गांधी की हत्या का फैसला करने से पहले 32 सालों तक उसके मन में गांधी के प्रति द्वेष पनप रहा था.

अन्य खबरे