जमानत पर रिहा नारायण राणे हुए लीलावती अस्पताल में भर्ती
संवाददाता/in24 न्यूज़
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे पहले गिरफ्तारी से परेशान रहे और अब अपने स्वास्थ्य से। तबीयत खराब होने के चलते राणे को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे पर विवादित बयानबाजी के बाद शिवसेना के साथ उनकी तीखी जंग देखने को मिली थी। इसके बाद राणे को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। हालांकि स्वास्थ्य कारणों के चलते ही उन्हें जमानत मिल गई थी। अब उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई है। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नारायण राणे इस वक्त अपनी जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के कई जिलों का दौरा कर रहे हैं। अपनी इसी यात्रा के दौरान उन्होंने उद्धव ठाकरे पर विवादित बयान दिया था। दरअसल नारायण राणे ने उद्धव के स्वतंत्रता दिवस के बारे में भूलने का दावा करते हुए कहा था कि मैं अगर वहां होता तो कान के नीचे लगाता। राणे के इस बयान पर काफी बवाल हुआ।स्वास्थ्य कारणों के चलते कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा था कि 17 सितंबर तक नासिक में दर्ज एफआईआर पर कोई कार्रवाई न की जाए। इसके साथ ही पुणे में दर्ज मामले की सुनवाई भी टाल दी गई थी। बता दें कि नारायण राणे को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस संगमेश्वर पुलिस स्टेशन से महाड के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में ले गई थी। इसके बाद देर रात उन्हें कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।