Breaking News

जमीन से सूर्य तक कई समझौतों पर भारत-फ्रांस के हस्ताक्षर

10 Mar, 2018 1479

सौम्य सिंह/in24 न्यूज़ `

 

फ़्रांस के राष्ट्रपति भारतीय दौरे पर हैं और भारत-फ्रांस के बीच द्विपक्षीय वार्तालाप के दौरान 14 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों के बीच शनिवार को चली गहन वार्ता के बाद गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा और सामरिक सुरक्षा से जुड़े कुल 14 समझौतों पर मुहर लगी। दोनों देशों के नेताओं की मौजूदगी में शिक्षा, पर्यावरण, शहरी विकास और रेलवे के क्षेत्र में भी अहम समझौतों पर दस्तखत किए गए। मैक्रों के साथ संयुक्त वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में अपने संबंधों को काफी मजबूत किया है। जबकि, मैक्रों ने कहा कि भारत और फ्रांस ने आतंकवाद और कट्टरवाद के खतरों की चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने का फैसला किया है। मैक्रों ने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग आपसी संबंधों में खास महत्व रखता है। दोनों देशों के नेताओं ने हिंद प्रशांत क्षेत्र में आपसी सहयोग पर भी चर्चा की।  इस मौके पर मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी भले ही सिर्फ 20 वर्ष पुरानी हो लेकिन हमारी सभ्यता और आध्यात्मिक साझेदारी काफी पुरानी है। उदारवादी, समानता और भाईचारे की भावना सिर्फ फ्रांस में ही नहीं है बल्कि इसका उल्लेख भारतीय संविधान में भी है।

 
 

अन्य खबरे