झारखंड के कांग्रेसियों में भी बीजेपी से फुट का ख़तरा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लगातार कई प्रदेशों में सरकार को अपने विधायकों के टूटने का डर सता रहा है. इसी कड़ी में झारखंड में भी कांग्रेसियों को डर है कि उनके विधायक फुट नहीं जाएं जिससे सरकार पर खतरा आ जाए! कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और झारखंड के मंत्री रामेश्वर उरांव ने यह कह भी दिया है कि भारतीय जनता पार्टी के लोग कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने की कोशिश में हैं। हालांकि भाजपा ऐसे आरोपों से इंकार करते हुए इसे कांग्रेस का मुख्यमंत्री पर दबाव बनाने की रणनीति बता रही है। मंत्री रामेश्वर उरांव स्पष्ट कहते हैं कि उनके कई विधायकों को भाजपा ने पैसे का प्रलोभन दिया और राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्हें खरीदने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार विधायकों को लालच दे रही है। हालांकि उन्होंने अपने विधायकों पर विश्वास जताते हुए यह भी कहा कि झारखंड कांग्रेस के विधायक मजबूत कांग्रेसी हैं, इस कारण वे कहीं नहीं जाएंगे। उरांव ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान भी पैसा और पद देने के बदले सरकार बनाने का षड्यंत्र रचा गया था। इधर, कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट और रीट्वीट कर इशारों ही इशारों में स्थिति स्पष्ट कर दी है। अंसारी ने ट्वीट कर लिखा कि झूठ, चापलूस और दलाली करके तो मैं भी कब का दरिया पार कर जाता। लेकिन डुबो दिया मुझे सच बोलने की आदत ने। अंसारी ने एक ट्वीट को रीट्वीट भी किया है, जिसमें लिखा गया है कि आपका ये दर्द वाजिब है, डॉ. इरफान अंसारी। इस ट्वीट को उन्होंने राहुल गांधी के ट्विटर हैंडल पर टैग भी किया है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में जो हुआ है, उसकी बानगी झारखंड में दिख जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से नाराजगी भरे लहजे में यह सवाल किया कि क्या दिन रात कांग्रेस पार्टी का झंडा ढोने वाले, मुखर, शिक्षित एमबीबीएस की डिग्री होना भी पार्टी में मंत्री पद पाने के लिए काफी नहीं है! मैट्रिक फेल होना जरूरी है! यही प्रॉब्लम है कांग्रेस की। वक्त के साथ बदलिए। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश और राजस्थान की राजनैतिक हालातों ने कांग्रेस का डर और बढ़ा दिया है.