नए सांसदों को मोदी का गुरुमंत्र
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारी बहुमत से जीतकर फिर से सत्ता पर काबिज होनेवाले नरेंद्र मोदी ने अपने सभी सांसदों को समझाते हुए कहा कि उनकी सरकार अब नई ऊर्जा के साथ, नए भारत के निर्माण के लिए नई यात्रा शुरू करेगी. पीएम मोदी ने एनडीए के सभी नवनिर्वाचित सांसदों को गुरु मंत्र देते हुए कहा कि वे बिना भेदभाव के काम करें. एनडीए का नेता चुने जाने के बाद अपने करीब 75 मिनट के भाषण में मोदी कहा कि वोट-बैंक की राजनीति में भरोसा रखने वालों ने अल्पसंख्यकों को डर में जीने पर मजबूर किया, हमें इस छल को समाप्त कर सबको साथ लेकर चलना होगा. मोदी ने बीजेपी के नवनिर्वाचित सांसदों को सीख देते हुए कहा कि हमारा मोह हमें संकट में डालता है. इसलिए हमारे नए और पुराने साथी इन चीजों से बचें क्योंकि अब देश माफ नहीं करेगा. पीएम मोदी ने कहा कि हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारियां हैं. हमें इन्हें निभाना है. वाणी से, बर्ताव से, आचार से, विचार से हमें अपने आपको बदलना होगा. मोदी ने कहा कि वीआईपी कल्चर से देश को बड़ी नफरत है. हम भी नागरिक हैं तो कतार में क्यों खड़े नहीं रह सकते. उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि हमें जनता को ध्यान में रखकर खुद को बदलना चाहिए. लाल बत्ती हटाने से कोई आर्थिक फायदा नहीं हुआ, जनता के बीच अच्छा मैसेज गया.