ट्रंप करेंगे ताज का दीदार, आम लोगों के लिए रहेगा बंद
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दुनिया का सबसे खूबसूरत स्थल है ताज महल जिसे दुनिया भर से आकर लोग देखते हैं और मंत्रमुग्ध हो जाते हैं. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ताज के दीदार के लिए बेकरार हैं. इस मौके पर आम दर्शकों के लिए ताज महल का दरवाज़ा बंद रहेगा. गौरतलब है कि अगले हफ्ते 24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भारत यात्रा के दौरान दोपहर 12 बजे से ताजमहल आम जनता के लिए बंद रहेगा. एएनआई के अनुसार भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) अधीक्षक आगरा डिवीजन वसंत कुमार स्वर्णकार ने कहा कि सुरक्षा कारणों के कारण ताजमहल को उस दिन दोपहर 12 बजे से जनता के लिए बंद कर दिया जाएगा जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्मारक का दौरा करेंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को 24 फरवरी को ताजमहल का दौरा करना है. आगरा पुलिस ने कहा है कि मुख्य मार्ग पर और ताजमहल क्षेत्र के पास के सभी घरों, दुकानों, रेस्तरां और होटलों की पहचान कर ली गई है. सत्यापन प्रक्रिया समाप्त होने वाली है. कुछ टीम सत्यापन करवाने के लिए भी रखा गया है. उन्होंने यह भी कहा कि यह सब इसलिए किया गया है ताकि सुरक्षा चूक न हो.