Breaking News

नूपुर शर्मा का समर्थन करनेवाले युवक पर जानलेवा हमला

07 Aug, 2022 571

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा (Nupur Sharma} का समर्थन करना महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक युवक को काफी महंगा पड़ा है. खबर है कि पांच से सात लोगों ने डंडे से युवक की बर्बर पिटाई कर दी. युवक पर तलवार से वार किए जाने की बात भी कही जा रही है. गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अहमदनगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की वजह युवक का नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर किया गया पोस्ट बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक अहमदनगर जिले की कर्जत तहसील के निवासी प्रतीक पवार ने कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता रहीं नूपुर शर्मा के समर्थन में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया था. इसी से नाराज डंडे और तलवार से लैस कुछ लोगों ने प्रतीक पवार पर उस समय हमला बोल दिया, जब वह अपने दोस्त अमित माने के साथ बाइक से अपने घर लौट रहा था. बताया जाता है कि बाइक सवार प्रतीक और अमित को दो कार से आए कुछ युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया. युवकों के हाथ में डंडे और तलवार थे. युवकों और प्रतीक के बीच कुछ कहासुनी हुई और इसके बाद युवकों ने प्रतीक पर प्रहार करना शुरू कर दिया. प्रतीक के दोस्त अमित ने हमलावरों को रोकने की कोशिश भी की लेकिन वे नहीं माने. पुलिस की कार्रवाई शुरू है.

अन्य खबरे