Breaking News

नेता जी की गाड़ी को नो पार्किंग से महिला एएसआई ने थाने भेज दिया

05 Sep, 2020 1859

संवाददाता/in24 न्यूज़।  
आज भी कई ऐसे अधिकारी हैं जो अपने फ़र्ज़ के सामने किसी को तरजीह नहीं देते. रामगढ़ शहर में कांग्रेस के एक दबंग नेता पर थाने की लेडी सिंघम भारी पड़ गई। पुलिस ने कांग्रेसी नेता की स्कॉर्पियो गाड़ी को नो पार्किंग जोन से खींचकर थाने में लगा दिया। यह घटना शनिवार को शहर के सबसे व्यस्ततम बाजार चट्टी बाजार में घटी। यहां कांग्रेस पार्टी खेल निभाग के को-चेयरमैन की स्कॉर्पियो गाड़ी जेएच 01 डीवी 2126 से उनकी पत्नी सामान खरीदने चट्टी बाजार में आई थी। इस दौरान नो पार्किंग जोन में ही उन्होंने अपनी स्कार्पियो खड़ी कर दी, जिसकी वजह से बाजार में जाम की स्थिति बन गई। इसी बीच एक मामले की जांच करने जा रही रामगढ़ थाने की एएसआई राजे कुमारी कुजुर भी उसी जाम में फंस गई। जब उन्होंने अपने सिपाहियों को जाम छुड़ाने के लिए भेजा, तो देखा कि कांग्रेसी नेता का ड्राइवर स्कॉर्पियो लगा कर आराम से बैठा है। जब उसे गाड़ी हटाने के लिए कहा गया, तो वह कांग्रेसी नेता की गाड़ी होने का दंभ भरने लगा। इसके बाद लेडी सिंघम वहां पहुंची और उसने तत्काल गाड़ी को रामगढ़ थाने भिजवा दिया। साथ ही नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने का जुर्माना भरने का आदेश भी दिया। बता दें कि नेताओं या बड़े अधिकारियों को कई बार नो पार्किंग जोन में गाडी खड़ी करते हुए देखा जाता है. पर कहावत है न कि कभी कभी सेर को सवा सेर भी मिल जाता है.  

अन्य खबरे