पश्चिम बंगाल और आसाम में आज पहले दौर की वोटिंग
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज पश्चिम बंगाल और असम में विधान सभा चुनाव हो रहे हैं. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए आज पहले चरण का मतदान हो रहा है. राज्य में दोपहर 3 बजे तक 55.27 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है. भारतीय चुनाव आयोग के अनुसार सबसे अधिक मतदान झारग्राम में दर्ज किया गया है. झारग्राम सभी जिलों में मतदाताओं का नेतृत्व कर रहा है. चुनाव आयोग के अनुसार असम चुनाव के प्रथम चरण में दोपहर 3 बजे तक 47.10 फीसदी मतदान हुआ है. भाजपा नेता शुवेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी ने कोंताई में मतदान किया. अधिकारी ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि 6 सालों में ये पहला चुनाव है जिसमें कम हिंसा हुई और लोगों ने निर्भीकता से मतदान किया. हम चुनाव आयोग को धन्यवाद और सलाह देने आए थे कि अगर लिस्टिड असामाजिक तत्वों को चुनाव से पहले गिरफ़्तार कर लिया गया तो दूसरे चरण में 10 फीसदी मतदान केंद्रों पर भी हिंसा नहीं होगी. बता दें कि पश्चिम बंगाल में कुल आठ चरणों में मतदान होनेवाले हैं.