पश्चिम बंगाल में 107 विपक्षी विधायक बीजेपी ज्वाइन करेंगे - मुकुल रॉय
14 Jul, 2019
1197
संवाददाता/in24 न्यूज़।
कर्नाटक और गोवा के बाद पश्चिम बंगाल में भी राजनीतिक उठापठक का खेल शुरू हो सकता है. बीजेपी नेता मुकुल रॉय ने कहा है कि प्रदेश में 107 विपक्षी विधायक बीजेपी ज्वॉइन करेंगे.बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय ने शनिवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल के 107 विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि ये सभी विधायक जल्द बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. बीजेपी नेता ने कहा कि इन विधायकों में से अधिकतर विधायक सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस टीएमसी से हैं.बीजेपी नेता मुकुल रॉय ने कहा,‘‘कम से कम 107 विधायक हमारे संपर्क में है. इनमें से अधिकतर तृणमूल से हैं, कुछ कांग्रेस से और कुछ सीपीएम से हैं. वे भगवा खेमे में शामिल होने को इच्छुक हैं.’’बीजेपी नेता ने हालांकि इस संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दी. उन्होंने कहा कि टीएमसी के अनेक नेताओं का ममता बनर्जी की अगुवाई वाली पार्टी पर से विश्वास उठ गया है और पार्टी के कामकाज के तरीकों से वह परेशान हैं.आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में पिछली बार साल 2016 में विधानसभा चुनाव हुए थे. पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ तीन सीटों पर ही जीत मिली थी, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने 211 सीटों पर फतह हासिल की थी और सूबे में सरकार बनाई.इसके अलावा सीपीएम को 26 और सीपीआई को एक सीट पर जीत मिली थी, जबकि कांग्रेस ने 44 सीटों पर कब्जा जमाया था. पश्चिम बंगाल के विधानसभा के सदस्यों की संख्या 295 में है, जिसमें से एक सदस्य एंग्लो इंडियन होता है, जिसको नियुक्त किया जाता है.इसके अलावा हालिया लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की 42 सीटों में से बीजेपी को 18 सीटों और 22 लोकसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस को जीत मिली थी. इसके अलावा कांग्रेस पार्टी को सिर्फ दो लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी. लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की 42 सीटों में से 18 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद से बीजेपी बेहद उत्साहित है.