Breaking News

बिहार में विधायक ने पत्नी का बर्थडे मनाने के लिए तोड़ा लॉकडाउन

29 Apr, 2020 804

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बिहार में जमुई जिले के सिकंदरा विधानसभा से कांग्रेस विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी ने अपनी पत्नी का बर्थडे मनाने के चक्कर में लॉकडाउन तक तोड़ दिया. विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी लॉकडाउन से जूझ रहे लोगों की मदद करने के लिए बीते दिनों बढ़-चढ़कर सामने आए थे और जिले में लोगों की वाहवाही का पात्र भी बन रहे थे, फिर उन्होंने कुछ ऐसा किया कि लोग सवाल उठाने लगे हैं. दरअसल विधायक चौधरी ने लॉकडाउन के दौरान जमुई से पटना चले गए. गौरतलब है कि पूरे देश भर में कोविड-19 को लेकर लॉक डाउन है, जिसमें एक जिले से दूसरे जिले जाने को लेकर अंतर जिला पास की आवश्यकता होती है. पास निर्गत करने के लिए प्रशासन के द्वारा उस जिले में जाने का कारण पूछा जाता है और संतुष्ट होने के बाद ही पास निर्गत किया जाता है. यह सब केवल आम लोगों के लिए ही प्रभावी है. विधायक जी तो जनता का वोट लेकर कुर्सी पर बैठे हैं, अब भला उनको प्रशासन के पास जाने की याद पास लेने की क्या जरूरत पड़ गई. बीते चार दिन पहले तक सिकंदरा विधानसभा में घूम-घूम कर लोगों के बीच राशन बांट रहे विधायक जी मीडिया की नजरों में थे. लगातार उनकी तस्वीरें छप रही थी, खबरें आ रही थी, फिर अचानक एक खबर आई कि विधायक बंटी चौधरी अपनी पत्नी का जन्मदिन पटना में मना रहे हैं और वहां लोगों के बीच राशन बांट रहे हैं. जब यह तस्वीर सामने आई तो यह सवाल भी खुद-ब-खुद उठकर सामने आ गया कि आखिर विधायक जी ने जमुई से पटना तक का सफर पूरा कैसे किया. जब इसकी पड़ताल की गई तो जिला प्रशासन के द्वारा यह साफ कहा गया कि हमने तो विधायक जी को पास निर्गत ही नहीं किया. ऐसे में बिना पास के विधायक जी जमुई से पटना कैसे चले गए. अब यह बता दें कि विधायक जी को पटना जाने के लिए नवादा, शेखपुरा, नालंदा जैसे कोरोना से संक्रमित जिलों से होकर गुजरना पड़ा होगा.

अन्य खबरे