बिहार में आरजेडी और जेडीयू गठबंधन टूटने की चर्चा गर्म
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बिहार के सियासी हलकों में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जेडीयू गठबंधन टूटने की चर्चा तेज हो गई है। उधर शुक्रवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा के आवास पर भाजपा विधायकों और सांसदों की बैठक हुई। भाजपा ने अपने विधायकों को अलर्ट मोड में रखा है। वहीं नीतीश कुमार ने भी जेडीयू के सभी विधायकों और सांसदों से अगले आदेश तक पटना में मौजूद रहने के लिए कहा है। बिहार में बीजेपी की गठबंधन सहयोगी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतनराम मांझी ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर अपने सभी विधायकों से 25 जनवरी तक पटना में ही रहने के लिए कहा है। इसी बीच पटना में सियासी हलचल के बीच आरजेडी प्रमुख लालू यादव अपने पुत्र और बिहार सरकार में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ सीएम हाउस पहुंचे। लालू और तेजस्वी ने सीएम हाउस पहुंचकर नीतीश कुमार से मुलाकात की है। तेजस्वी यादव ने नीतीश के साथ बैठक को नॉर्मल मीटिंग बताते हुए कहा कि हम सभी नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। उन्होंने लालू और नीतीश को एक बताते हुए कहा कि हम तो मिलते ही रहते हैं। बिहार से बीजेपी साफ हो जाएगी।नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने बढ़े सियासी तापमान के बीच राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की है। हालांकि, सूत्रों का दावा है कि अशोक भवन निर्माण विभाग की तरफ से कराए जा रहे निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। वहीं, बीजेपी के एमएलसी दिलीप जायसवाल ने नीतीश-लालू की मुलाकात पर तंज करते हुए कहा कि दोनों को ही एक-दूसरे पर विश्वास नहीं है, इसलिए यह लोग एक-दूसरे से मिलते रहते हैं। बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में एक इंटरव्यू में नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में वापसी के सवाल पर कहा था कि प्रस्ताव आया, तो विचार करेंगे। इसी के बाद से बिहार में सियासी गतिविधियां तेज़ हो गई हैं।