बीजेपी कार्यकर्ता ने नहीं दी शरद पवार को धमकी - चंद्रशेखर बावनकुले
10 Jun, 2023
809
संवाददाता/in24 न्यूज़।
महाराष्ट्र में एनसीपी और राज्य सरकार के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है. एनसीपी प्रमुख शरद पवार को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है. तो दूसरी तरफ एनसीपी नेता अजित पवार ने दावा किया है कि सौरभ पिंपलकर नाम के व्यक्ति ने शरद पवार को धमकी भरा एसएमएस भेजा है. इस मामले पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बवनकुले का भी बयान सामने आया है उन्होंने कहा कि एनसीपी प्रमुख शरद पवार को लेकर कल से एक नैरेटिव सेट किया जा रहा है. सौरभ पिंपलकर ने अपने ट्वीट से शरद पवार को धमकी नहीं दी है. वह बीजेपी के कार्यकर्ता हैं. हम सौरभ पिंपलकर का समर्थन नहीं करते हैं अगर वह दोषी हैं तो हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
शरद पवार को धमकी मिलने की खबर जैसे ही मीडिया में आई उसके बाद से एनसीपी कार्यकर्ता आग बबूला हो गए हैं. लेकिन पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को शांति बनाए रखने की अपील की गई है. वहीं खुद को मिली धमकी पर शरद पवार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खुद की सुरक्षा की उम्मीद करना हर नागरिक का अधिकार है. शरद पवार ने आगे कहा कि अगर ऐसी धमकी से किसी की आवाज बंद कर सकते हैं तो यह उनकी गलतफहमी है. सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है. महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है. महाराष्ट्र में अब जिनकी सत्ता है उनका ध्यान कानून व्यवस्था पर नहीं।राज्य में खुफिया एजेंसियों और पुलिस का सही इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है.