भगवंत मान बने पंजाब के नए मुख्यमंत्री, शहीद भगत सिंह के गांव में ली शपथ
संवाददाता/in24 न्यूज़
पंजाब में पहली बार बनी आम आदमी पार्टी की सरकार, नए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में पंजाबी में शपथ ग्रहण की। उन्हें गवर्नर बीएल पुरोहित ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मान ने पंजाबी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इसके बाद भाषण देकर इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। भगवंत मान अब पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। हालांकि कार्यकाल के लिहाज से वह पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री हैं। मान की शपथ के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बधाई दी है और पंजाब के भविष्य के लिए मिलकर काम करने की बात कही है।शपथ ग्रहण के बाद मान ने कहा कि शहीदों को सिर्फ कुछ ही तारीख में क्यों याद किया जाता है?। हमें हर रोज उनके बताए रास्तों पर चलना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं और वर्करों को कहा कि अहंकार बिल्कुल नहीं करना है। उन्होंने कहा कि मुझे इस तरह की खबर नहीं आनी चाहिए। मान ने केजरीवाल की तारीफ की और उनके लिए तालियां भी बजवाईं। मान ने कहा कि वक्त और पब्लिक बहुत बड़ी चीज है। वह आदमी को अर्श से फर्श पर लाने में देरी नहीं करते। मान ने कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, खेती, व्यापार, स्कूल, अस्पताल सबको ठीक करेंगे। उन्होंने कहा कि यहीं रहकर हम पंजाब का भला करेंगे। मान ने कहा कि हम जनता के जैसे हैं और जनता बनकर ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सिलेबस में पढ़ाया जाएगा कि लोगों ने बिना किसी लालच के 20 फरवरी 2022 को वोट डालनी शुरू की थी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने कहा कि जो लड़ाई आजादी को लेकर भगत सिंह ने लड़ी थी, वही लड़ाई आम आदमी पार्टी लड़ रही है. शपथग्रहण में आए सभी लोगों का आभार. भगत सिंह को इस बात की चिंता नहीं थी कि देश आजाद कैसे होगा. उन्हें फिक्र थी की देश आजाद होने के बाद कैसा होगा।