भाजपा की झूठ की वजह से 25 साल पुराना साथ टूटा : उद्धव
संवाददाता/in24 न्यूज़.
शिवसेनाप्रमुख उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा की झूठ की वजह से 25 साल पुराना साथ टूटा। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सरकार गठन की प्रक्रिया के गति पकड़ने के बीच शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के विधायकों से मुलाकात की और राज्य में राजनीतिक हालात के बारे में उनसे चर्चा की. बैठक में उद्धव का गुस्सा भाजपा पर फूटा. सूत्रों की मानें तो उन्होंने बैठक में कहा कांग्रेस-एनसीपी के साथ सरकार बनाने की नौबत भाजपा के कारण आयी. भाजपा ने बाला साहेब को वचन दिया था कि सूबे में शिवसैनिक का मुख्यमंत्री होगा. भाजपा ने अपना वादा तोड़ा है. दोबारा चुनाव न हो, इसलिए हमें यह फैसला लेना पड़ा है. भाजपा की झूठ की वजह से 25 साल पुराना साथ टूटा. उन्होंने अपने विधायकों को आश्वासन दिया और कहा कि आज रात तक सरकार बनाने को लेकर सबकुछ साफ हो जाएगा. खबरों की मानें तो विधायकों ने उद्धव से कहा कि आप सूबे की कमान संभालें. इधर, बैठक के बाद शिवसेना के विधायक भास्कर जाधव ने बताया कि पार्टी के विधायकों को सरकार गठन की प्रक्रिया के संबंध में और कांग्रेस-एनसीपी नेताओं की दिल्ली में हुई बैठक के बारे में जानकारी देने के लिए यह बैठक बुलायी थी. ठाकरे ने बीती रात मुंबई में एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की थी.